बद्रीनाथ धाम में थाली भेंट की धनराशि में वित्तीय अनियमितता का मामला में मंदिर समिति कर्मचारी गिरफ्तार

चमोली। श्री बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े थाली भेंट की धनराशि में वित्तीय अनियमितता के मामले में चमोली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंदिर समिति के एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। विशेष जांच दल (एसआईटी) की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को देहरादून स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के प्रभारी मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान ने कोतवाली बद्रीनाथ में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 2 जुलाई 2026 को श्री बद्रीनाथ मंदिर में थाली भेंट की धनराशि की गणना के दौरान वित्तीय अनियमितता की सूचना मिली थी। इसके बाद मंदिर समिति अध्यक्ष के निर्देश पर विभागीय जांच कराई गई, जिसमें मंदिर समिति कर्मचारी प्रमोद नौटियाल द्वारा थाली भेंट गणना स्थल से धनराशि एवं अन्य भेंट सामग्री को निजी लाभ के लिए ले जाने की पुष्टि हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट के पर्यवेक्षण में एसआईटी का गठन किया गया। जांच की जिम्मेदारी प्रभारी निरीक्षक बद्रीनाथ महादेव प्रसाद उनियाल को सौंपी गई। एसआईटी ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही संबंधित कर्मचारियों और गवाहों के बयान दर्ज किए तथा गणना कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से परीक्षण किया। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी प्रमोद नौटियाल कई बार गणना कक्ष से धनराशि एवं अन्य भेंट सामग्री को मोबाइल फोन के नीचे छिपाकर तथा जेब में रखकर बाहर ले जाता दिखाई दिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अलग-अलग समय पर 500 रुपये के नोट, सोना-चांदी के सिक्कों के पैकेट, शालिग्राम शिला और केसर का पैकेट भी गणना कक्ष से अवैध रूप से अपने कब्जे में लिया।
सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और अन्य दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त प्रमाण मिलने के बाद पुलिस टीम ने 12 जुलाई की रात करीब 10 बजे देहरादून स्थित उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
पुलिस ने बताया कि श्री बद्रीनाथ धाम देश के प्रमुख तीर्थस्थलों में शामिल है और यहां श्रद्धालुओं की आस्था एवं मंदिर की वित्तीय पारदर्शिता से जुड़ा यह मामला अत्यंत गंभीर है। इसी को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया।
इस कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट, प्रभारी निरीक्षक महादेव उनियाल, उपनिरीक्षक प्रकाश बिष्ट, दिनेश पंवार, अपर उपनिरीक्षक भूपेन्द्र प्रसाद, हेड कांस्टेबल चन्दन नगरकोटी, अरुण गैरोला, सुशील कुमार, कांस्टेबल आशुतोष तिवारी, राजेन्द्र रावत, गौरव रावत, जसपाल सिंह, महिला कांस्टेबल सपना सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।