महाराष्ट्र, राजस्थान, बिहार, उप्र सहित हरियाणा से पहुंचे छात्र, बारिश में भी नहीं डिगा उत्साह

महाराष्ट्र, राजस्थान, बिहार, उप्र सहित हरियाणा से पहुंचे छात्र, बारिश में भी नहीं डिगा उत्साह
 
सुमित तिवारी / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
देहरादून। राजधानी देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित ’’छात्रों की गूंज’’ कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से संवाद करने के लिए उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार और हरियाणा सहित कई राज्यों से छात्र पहुंचे। खराब मौसम और लगातार बारिश के बावजूद कार्यक्रम में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
राहुल गांधी के पहुंचने से पहले ही मैदान में बड़ी संख्या में छात्र और कांग्रेस कार्यकर्ता जुट गए थे। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं में शिक्षा, रोजगार और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर राहुल गांधी से सीधे संवाद को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम में महाराष्ट्र से पहुंचे दिव्यांग छात्र ’’संजीत’’ विशेष आकर्षण रहे। व्हीलचेयर पर पहुंचे संजीत ने बताया कि उन्होंने मास्टर डिग्री पूरी कर ली है और आगे पीएचडी करना चाहते हैं, लेकिन बार-बार होने वाले पेपर लीक से उनका मनोबल प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि युवाओं की आवाज उठाने की इस मुहिम में वह राहुल गांधी के साथ खड़े हैं।
दिगबर सिंह भी पहुंचे
कांग्रेस कार्यकर्ता दिगंबर सिंह नेगी ने बताया कि वह वर्ष 2002 से कांग्रेस से जुड़े हैं और पार्टी के हर बड़े कार्यक्रम में भाग लेते रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस संवाद कार्यक्रम में आने का उद्देश्य छात्रों का हौसला बढ़ाना और उनके साथ एकजुटता दिखाना है। वहीं, नॉर्थ रेसकोर्स वार्ड-20 के पार्षद वीरेंद्र बिष्ट ने कहा कि उनके क्षेत्र में इतने बड़े छात्र संवाद कार्यक्रम का आयोजन गर्व की बात है। कार्यक्रम की व्यवस्था में लगे सरदार अमरजीत सिंह और आई टी विभाग के प्रदेश संयोजक विशाल चंद मौर्य ने कहा कि उत्तराखंड में भी पेपर लीक की घटनाओं से छात्रों का मनोबल प्रभावित हुआ है, लेकिन राहुल गांधी के इस संवाद ने युवाओं में नई उम्मीद और आत्मविश्वास जगाने का काम किया है।
दिवंगत अमर मेहता के परिजनों से मिलकर जताया शोक
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देहरादून में कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान हुई दुर्घटना में दिवंगत कांग्रेस कार्यकर्ता ’’अमर मेहता’’ के परिजनों से उनके आवास पहुंचकर मुलाकात की और गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि अमर मेहता का असमय निधन बेहद पीड़ादायक है और एक समर्पित साथी का इस तरह चले जाना पूरी कांग्रेस परिवार के लिए बड़ी क्षति है। राहुल गांधी ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में वह और पूरी कांग्रेस पार्टी हर कदम पर उनके साथ मजबूती से खड़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *