तीन सरकारी विद्यालयों में स्टैम रोबोटिक्स लैब शुरू, 3000 छात्रों को मिलेंगी शिक्षा किट

हरिद्वार। परिवर्तन आदर्श विद्यालय परियोजना के तहत रिलैक्सो फुटवियर्स लिमिटेड के सीएसआर कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड लक्सर के तीन राजकीय विद्यालयों में अत्याधुनिक स्टैम रोबोटिक्स लैब का शुभारंभ जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने किया। इस अवसर पर 3000 छात्र-छात्राओं को शिक्षा किट वितरण अभियान की भी शुरुआत की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि आधुनिक ैज्म्ड लैब विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और व्यावहारिक ज्ञान विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी तथा सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को नई दिशा देंगी।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय का निरीक्षण कर विज्ञान आधारित मॉडल और नवाचार परियोजनाओं का अवलोकन किया तथा छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने मिड-डे मील, पेयजल, छात्राओं के शौचालयों और अन्य आधारभूत सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए पौष्टिक भोजन, स्वच्छता और सुरक्षित पेयजल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने पंचायत स्तरीय डिजिटल साक्षरता केंद्र का भी निरीक्षण किया और बच्चों की शिक्षा की नियमित निगरानी, पर्याप्त विद्युत व्यवस्था तथा सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद, उपजिलाधिकारी अनिल कुमार शुक्ला, खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार, रिलैक्सो के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।