एसएसपी ने किया मुनि की रेती में सुरक्षा व यातायात व्यवस्थाओं का लिया जायजा

टिहरी गढ़वाल। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने शनिवार को थाना मुनि की रेती क्षेत्र में यात्रा मार्ग का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने ऋषिकेश बॉर्डर, कैलाश गेट, शिवानंद गेट, नीलकंठ मार्ग, प्रमुख पार्किंग स्थलों, बैरिकेडिंग प्वाइंट, ट्रैफिक डायवर्जन, घाटों, संवेदनशील क्षेत्रों और पुलिस सहायता केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं। उन्होंने पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी और ड्रोन निगरानी, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, पार्किंग प्रबंधन तथा बैरिकेडिंग को पूरी तरह क्रियाशील रखने के निर्देश दिए। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने को भी कहा। यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान अनावश्यक जाम की स्थिति नहीं बनने दी जाएगी। इसके लिए ट्रैफिक प्लान का प्रभावी पालन और आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, चिकित्सा सहायता और आपदा प्रबंधन सहित सभी मूलभूत सुविधाओं के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि कांवड़ यात्रा करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का पर्व है और टिहरी पुलिस प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने श्रद्धालुओं से पुलिस और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी सहायता के लिए निकटतम पुलिस सहायता केंद्र से संपर्क करने की अपील की।
एसएसपी ने कांवड़ यात्रा तैयारियों का लिया जायजा
पौड़ी गढ़वाल। आगामी श्री नीलकंठ महादेव कांवड़ यात्रा एवं मेले की तैयारियों को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने शनिवार को लक्ष्मणझूला से नीलकंठ मंदिर तक यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने गरुड़चट्टी, फूलचट्टी, रत्तापानी, पीपलकोटी सहित प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा, यातायात, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की समीक्षा की। एसएसपी ने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, पार्किंग, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्जन, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं और नियंत्रण कक्षों को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है, साथ ही स्थानीय नागरिकों की आवाजाही भी प्रभावित नहीं होने दी जाएगी।