सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने नए कार्यालय का किया शुभारंभ, 50 करोड़ के पार पहुंचा कारोबार

देहरादून। सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने रविवार को अजबपुर स्थित साइलेज फेडरेशन के नवनिर्मित कार्यालय का शुभारंभ किया। उन्होंने फेडरेशन को आगामी एक वर्ष में 100 करोड़ रुपये का वार्षिक टर्नओवर हासिल करने का लक्ष्य दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना ग्रामीण महिलाओं को राहत देने के साथ मक्का उत्पादक किसानों और पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही है।
डॉ. रावत ने बताया कि वर्ष 2019 में 3.50 करोड़ रुपये के ऋण से शुरू हुए फेडरेशन का वार्षिक कारोबार अब 50 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। शुरुआत में 375 किसान जुड़े थे, जबकि वर्तमान में 2,500 से अधिक किसान और 10 हजार से अधिक महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं। किसानों को अब तक 15 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। करीब 200 एम-पैक्स के माध्यम से पशुपालकों तक साइलेज पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पशुओं को संतुलित आहार उपलब्ध कराने के लिए स्थापित टीएमआर यूनिट जल्द शुरू होगी। इससे पशुओं के पोषण और दुग्ध उत्पादन में सुधार की उम्मीद है। मंत्री ने कहा कि फेडरेशन का विस्तार कर प्रमुख मक्का उत्पादक जिलों को जोड़ने की दिशा में कार्य किया जाएगा। कार्यक्रम में फेडरेशन अध्यक्ष हर्षुल वर्मा, प्रबंध निदेशक मोनिका चुनेरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।