जिलाधिकारी ने किशोरी संप्रेक्षण गृह, सड़कों और कण्वाश्रम का किया निरीक्षण

जिलाधिकारी ने किशोरी संप्रेक्षण गृह, सड़कों और कण्वाश्रम का किया निरीक्षण


पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने रविवार को कोटद्वार के सिम्बलचौड़ स्थित किशोरी संप्रेक्षण गृह, नवनिर्मित डे केयर सेंटर ओपन शेल्टर, सड़क मरम्मत कार्यों और पौराणिक कण्वाश्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं बेहतर बनाने और निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
किशोरी संप्रेक्षण गृह में जिलाधिकारी ने किशोरियों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने ऐपन और भीमल आर्ट प्रशिक्षण का अवलोकन किया तथा एक नवंबर से स्कूल वैन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। किशोरियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए महीने में कम से कम दो बार मेडिकल टीम भेजने और टेबल टेनिस की सुविधा उपलब्ध कराने को भी कहा। डे केयर सेंटर का शेष कार्य शीघ्र पूरा कर उसे शुरू करने के निर्देश दिए। देवी रोड और मालन पुल डिग्री कॉलेज से मवाकोट तक चल रहे पैचवर्क कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने गुणवत्ता सुनिश्चित करने और सड़कों की नियमित निगरानी पर जोर दिया। कण्वाश्रम में उन्होंने ऐतिहासिक सूचना पट्ट, प्रवेश द्वार, मंदिर मार्ग, प्रकाश व्यवस्था और नेचर ट्रेल विकसित करने के लिए आगणन तैयार करने को कहा। वन विभाग की नर्सरी में नक्षत्र वाटिका, पर्यावरण उद्यान और कैफे के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *