व्यापारियों को राहत, दिसंबर तक नए स्वकर की वसूली पर रोक

श्रीनगर गढ़वाल। व्यावसायिक संपत्तियों के नए स्वकर निर्धारण को लेकर व्यापारियों की समस्याओं के बीच नगर निगम श्रीनगर ने राहत दी है। महापौर आरती भंडारी ने ’’दिसंबर तक नए स्वकर की वसूली पर रोक’’ लगाने की घोषणा की। इस अवधि में स्वकर के प्रारूप, नई-पुरानी कर दरों और निर्धारण से जुड़ी भ्रांतियों एवं समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
नगर निगम में व्यापार सभा के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक में व्यापारियों ने प्रारूप भरने में आ रही दिक्कतों से महापौर को अवगत कराया। उन्होंने कर अनुभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवश्यकता पड़ने पर व्यापारिक प्रतिष्ठानों में जाकर प्रारूप भरने में सहायता करें। साथ ही स्वकर की दरों को न्यूनतम रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि व्यापारी समाज अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और निगम का उद्देश्य उन पर अनावश्यक बोझ डालना नहीं, बल्कि समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने बताया कि अब तक करीब ’’1300 स्वकर प्रारूप वितरित’’ किए जा चुके हैं। निगम का कर अनुभाग व्यापारियों की सहायता के लिए क्षेत्र में जाकर काम करेगा।