रानीपोखरी थाने का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
ऋषिकेश। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण-प्रथम जया बलोनी ने थाना रानीपोखरी का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना एवं चौकी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का सम्मेलन लेकर उनकी व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने लंबित विवेचनाओं और विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए निर्धारित समयसीमा में उनका विधिक निस्तारण करने के निर्देश दिए। एक वर्ष से लंबित मामलों की स्थिति की जानकारी लेकर विवेचकों को शीघ्र निस्तारण, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और मामलों के अनावरण के लिए निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में उच्चस्तरीय साफ-सफाई, अभिलेखों के उचित रखरखाव और उन्हें अद्यतन रखने पर जोर दिया गया। लंबित माल और वाहनों का समयबद्ध विधिक निस्तारण करने तथा मोटर वाहन अधिनियम एवं पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। जया बलोनी ने सीसीटीएनएस, 1930, सीएम हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा कर अनावश्यक रूप से प्रार्थना पत्र लंबित नहीं रखने को कहा। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अनुशासन बनाए रखने, ड्यूटी के दौरान जनता से शालीन व्यवहार करने और पीड़ितों को नियमानुसार सहायता देने के निर्देश दिए। निरीक्षण में क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश और प्रभारी निरीक्षक सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।