पुलिस ने 33 मकान मालिकों पर लगाया 3.30 लाख का जुर्माना

देहरादून। पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों के सत्यापन के लिए अभियान चलाकर 450 लोगों का भौतिक सत्यापन किया। गुरूवार को चमनपुरी, राजीव जुयाल मार्ग, ब्रह्मपुरी और मेहूंवाला सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान किरायेदारों और घरेलू सहायकों का सत्यापन नहीं कराने तथा अन्य अनियमितताएं मिलने पर 33 भवन स्वामियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत चालान कर 3.30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस ने पूर्व में आपराधिक मामलों में शामिल तीन आरोपियों का भी सत्यापन कर उन्हें दोबारा अपराध में लिप्त पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। इसके अलावा, संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे पांच व्यक्तियों को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है।