देवग्राम के 27 परिवारों के सुरक्षित पुनर्वास का रास्ता साफ

चमोली। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय पुनर्वास समिति की बैठक में तहसील ज्योतिर्मठ के देवग्राम के 27 परिवारों के सुरक्षित विस्थापन एवं पुनर्वास प्रस्ताव पर चर्चा हुई। समिति ने 1 करोड़ 21 लाख 25 हजार रुपये के प्रस्ताव को संस्तुति के लिए शासन को भेजने पर सहमति जताई।
प्रस्ताव में विस्थापित परिवारों के भवन निर्माण, पशुओं के लिए गौशाला, विस्थापन भत्ता तथा पुनर्वास स्थल पर स्वरोजगार शुरू करने के लिए सहायता सहित अन्य आवश्यक मद शामिल हैं। देवग्राम की दो बार भू-वैज्ञानिक जांच तथा तहसील स्तर की आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा चुकी हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सभी अभिलेख पूर्ण कर प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने और प्रभावित परिवारों के सुरक्षित एवं व्यवस्थित पुनर्वास की प्रक्रिया प्राथमिकता से पूरी करने के निर्देश दिए।