पौड़ी में 551 पात्रों की पेंशन स्वीकृत, घर-घर चला अभियान

पौड़ी। पौड़ी जनपद में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से पात्र व्यक्तियों को जोड़ने के लिए घर-घर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में अब तक 551 पात्र व्यक्तियों के पेंशन आवेदन स्वीकृत किए जा चुके हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने बताया कि स्वीकृत आवेदनों में 397 वृद्धावस्था, 49 किसान, 45 दिव्यांग और 60 निराश्रित विधवा महिला पेंशन के लाभार्थी शामिल हैं। अभियान के तहत विभागीय टीमें पात्र लोगों की पहचान करने के साथ दस्तावेज जुटाने, आवेदन और सत्यापन में सहयोग कर रही हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव या आवेदन संबंधी परेशानी के कारण पेंशन से वंचित न रहे।