एक साल पुरानी लाखों की ज्वेलरी चोरी का खुलासा, इंस्टाग्राम फोटो से पकड़ी गई घरेलू सहायिका

एक साल पुरानी लाखों की ज्वेलरी चोरी का खुलासा, इंस्टाग्राम फोटो से पकड़ी गई घरेलू सहायिका


देहरादून। दून पुलिस ने राजपुर क्षेत्र में एक वर्ष पूर्व हुई लाखों रुपये के हीरे और सोने के आभूषणों की चोरी का खुलासा करते हुए घरेलू सहायिका को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये मूल्य के हीरे व सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। इस मामले का खुलासा इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई एक फोटो के जरिए हुआ, जिसमें आरोपी चोरी किया गया हीरे का हार पहने दिखाई दी।
राजपुर थाना क्षेत्र स्थित सिक्का किमाया ग्रीन आईटी पार्क निवासी नितिशा वत्स ने 1 जुलाई 2026 को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि करीब एक वर्ष पहले उनके घर से हीरे और सोने के कीमती आभूषण गायब हो गए थे। शुरुआत में उन्हें लगा कि उन्होंने आभूषण कहीं रख दिए होंगे या किसी रिश्तेदार को दिए होंगे, इसलिए चोरी का संदेह नहीं हुआ। हाल ही में एक परिचित ने उन्हें इंस्टाग्राम पर एक महिला की फोटो दिखाई, जिसमें वह उनके खोए हुए हीरे के हार जैसा हार पहने हुई थी। जांच करने पर महिला की पहचान उनकी पूर्व घरेलू सहायिका विमला के रूप में हुई।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर शुक्रवार को जोहड़ी रोड से आरोपी विमला (34) निवासी मूल रूप से लखीमपुर खीरी, हाल निवासी बापू नगर, जाखन को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया एक हीरे का हार, एक सोने का लॉकेट, दो सोने की अंगूठियां, एक सोने का पेंडल और एक मोबाइल फोन बरामद किया। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह वादिनी के घर घरेलू सहायिका के रूप में कार्य करती थी। घर के लॉकर में रखे महंगे आभूषणों को देखकर उसके मन में लालच आ गया और उसने मौका पाकर आभूषण चोरी कर लिए। बाद में उसने घर की मालकिन को यह विश्वास दिलाया कि शायद उन्होंने गहने कहीं और रख दिए हैं। आरोपी चोरी के आभूषण बेचने का प्रयास कर रही थी, लेकिन सफल नहीं हो सकी। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया। मामले का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी देहरादून ने 2,500 रुपये के नगद पुरस्कार की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *