बड़ा बाजार में नगर निगम की छापेमारी, प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक जब्त

बड़ा बाजार में नगर निगम की छापेमारी, प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक जब्त


हरिद्वार। नगर निगम हरिद्वार ने गुरुवार को बड़ा बाजार के ठंडा कुआं क्षेत्र में प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाया। अभियान के दौरान न्यू चड्ढा जनरल स्टोर से प्रतिबंधित प्लास्टिक चटाइयां बरामद कर पुलिस की मौजूदगी में जब्त की गईं। जांच में यह प्रतिष्ठान घाट क्षेत्रों में प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री की आपूर्ति का प्रमुख स्रोत पाया गया था।
उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी ने बताया कि मौके पर विरोध की आशंका को देखते हुए तत्काल चालान करने के बजाय संबंधित व्यापारी को नोटिस जारी किया गया है और नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा सिंगल यूज़ प्लास्टिक के निर्माण, भंडारण, परिवहन, बिक्री और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध है। नियमों के उल्लंघन पर निर्माता पर 5 लाख, परिवहनकर्ता पर 2 लाख, खुदरा विक्रेता पर 1 लाख तथा व्यक्तिगत उपयोग पर 100 तक का जुर्माना निर्धारित है। दोबारा उल्लंघन करने पर दोगुना अर्थदंड लगाया जाएगा। उप नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि नगर निगम का अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने व्यापारियों से प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग और बिक्री बंद कर पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील की। कार्रवाई के दौरान मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल, पुलिस बल और नगर निगम की टीम मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *