इड़ियाना में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की सांसद ने उठाई मांग

इड़ियाना में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की सांसद ने उठाई मांग


टिहरी। टिहरी गढ़वाल की सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर जनपद में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज की स्थापना इड़ियाना (भागीरथीपुरम) में किए जाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि यह स्थान जनभावनाओं, भौगोलिक परिस्थितियों और राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) के मानकों के अनुरूप सबसे उपयुक्त है। सांसद ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की घोषणा वर्षों पहले हो चुकी है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से लोगों में निराशा है। उन्होंने बताया कि पूर्व में केंद्र सरकार और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने इड़ियाना स्थल का निरीक्षण कर इसे उपयुक्त पाया था तथा कार्यदायी संस्था का चयन भी किया जा चुका था। सांसद ने कहा कि यह स्थान टिहरी की छह विधानसभा क्षेत्रों और आसपास के जनपदों के लिए सुगम होने के साथ चारधाम यात्रा मार्ग पर भी स्थित है, जिससे स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूर्व में चयनित इड़ियाना स्थल पर ही आधुनिक मेडिकल कॉलेज की स्थापना सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *