कुम्भ: प्रमुख मंदिरों तक आधुनिक पैदल मार्ग होंगे विकसित, मेलाधिकारी ने किया निरीक्षण

हरिद्वार। कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों को गति देते हुए मेला प्रशासन ने प्रमुख धार्मिक स्थलों तक श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए पैदल मार्गों और फुटपाथों के विकास कार्य तेज कर दिए हैं। सोमवार को मेलाधिकारी सोनिका ने विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए मजबूत, सुरक्षित और स्थायी आधारभूत ढांचे का निर्माण सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
भगत सिंह चौक से मनसा देवी मार्ग का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने भगत सिंह चौक से बिल्केश्वर महादेव मंदिर होते हुए मनसा देवी मंदिर तक जाने वाले मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क के चौड़ीकरण, मरम्मत और सुदृढ़ीकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की आवाजाही को और अधिक सुगम बनाने के लिए सभी आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं। साथ ही निर्माणाधीन फुटपाथों की गुणवत्ता की भी जांच कर आवश्यक तकनीकी सुधार सुनिश्चित करने को कहा।
वैकल्पिक निकासी मार्ग पर विशेष जोर
मनसा देवी मंदिर तक पहुंचने वाले मार्गों और सीढ़ियों का निरीक्षण करते हुए मेलाधिकारी ने जहां मरम्मत की आवश्यकता है, वहां तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों में श्रद्धालुओं की सुरक्षित निकासी के लिए प्रस्तावित वैकल्पिक मार्ग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कुम्भ जैसे विशाल आयोजन में प्रभावी भीड़ प्रबंधन और आपदा प्रबंधन के लिए वैकल्पिक निकासी मार्ग अत्यंत आवश्यक हैं।
कांवड़ यात्रा से पहले पूरे होंगे प्रमुख कार्य
मेलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वर्तमान में चल रहे पैदल मार्गों और फुटपाथों के निर्माण कार्य आगामी कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले पूरे कर लिए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिन क्षेत्रों में कांवड़ यात्रा के कारण कार्य शुरू नहीं हो सकते, वहां यात्रा समाप्त होते ही निर्माण कार्य तत्काल शुरू किए जाएं।
अपर रोड क्षेत्र के सौंदर्यीकरण पर भी जोर
निरीक्षण के बाद मेलाधिकारी ने अपर रोड क्षेत्र का भ्रमण कर वहां चल रहे विकास कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने गलियों के सुधार, पैदल आवागमन को सुरक्षित बनाने, सौंदर्यीकरण और अन्य नागरिक सुविधाओं के विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बन रहा आधुनिक बुनियादी ढांचा
कुम्भ मेला-2027 को दिव्य और भव्य बनाने के उद्देश्य से चंडी देवी, मनसा देवी, हर की पैड़ी तथा अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाले पैदल मार्गों एवं फुटपाथों का निर्माण, सुदृढ़ीकरण और नवीनीकरण तेजी से किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक आवागमन की बेहतर व्यवस्था मिलेगी तथा भीड़ प्रबंधन और आपदा नियंत्रण में भी प्रशासन को सहायता मिलेगी। निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार, अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।