विधायक ने की लक्सर में राजकीय पॉलिटेक्निक की मांग
लक्सर। विधानसभा क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए विधायक मो. शहजाद ने लक्सर में राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थापित करने की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर प्रस्ताव को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल करने का आग्रह किया। विधायक ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र स्थित पुराने अस्पताल की करीब 12 बीघा भूमि और भवन वर्तमान में खाली हैं। पूर्व में यहां राजकीय डिग्री कॉलेज संचालित होता था, जिसे अब भूरनी के पास स्थानांतरित कर दिया गया है। उन्होंने खाली भूमि और भवन का सदुपयोग करते हुए यहां राजकीय पॉलिटेक्निक स्थापित करने की मांग की। विधायक ने कहा कि संस्थान खुलने से क्षेत्र के युवाओं को स्थानीय स्तर पर तकनीकी शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।