शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर विद्यालयों के किचन होंगे उन्नत

रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने विकास भवन सभागार में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक कर विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति का आकलन किया। उन्होंने विद्यालयों में संचालित मध्याह्न भोजन योजना के किचनों की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी स्कूलों के किचनों का चरणबद्ध तरीके से उन्नयन किया जाए। इसके लिए सरकारी योजनाओं के साथ कॉर्पाेरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) निधि का भी उपयोग किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि जिन विद्यालयों का परीक्षा परिणाम कमजोर रहा है, उनका विस्तृत शैक्षणिक परीक्षण कराया जाए। इसके लिए डाइट को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कमजोरियों की पहचान कर प्रभावी सुधार किया जा सके। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, मुख्य शिक्षा अधिकारी अजय कुमार चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।