कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी एवं जिलाधिकारी ने हिमालयन एमटीबी चैलेंज के साइकिलिस्टों को टिहरी के लिए किया रवाना

कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी एवं जिलाधिकारी ने हिमालयन एमटीबी चैलेंज के साइकिलिस्टों को टिहरी के लिए किया रवाना

 
 
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित पांचवें संस्करण अल्टीमेट उत्तराखण्ड हिमालयन एमटीबी चैलेंज 2026 के अगले चरण का मंगलवार को प्रातः 7:30 बजे जीएमवीएन तिलवाड़ा से शुभारंभ हुआ। कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी एवं जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने फ्लैग ऑफ कर प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे साइकिलिस्टों को टिहरी जनपद के कोटी कॉलोनी के लिए रवाना किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड जैसे पर्वतीय राज्य में इस प्रकार के साहसिक खेल आयोजनों से प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता पर्यटन स्थलों एवं साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलती है। राज्य की विषम भौगोलिक परिस्थितियां और प्राकृतिक परिवेश साइकिलिंग जैसे साहसिक खेलों के लिए विशेष रूप से अनुकूल हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को साहसिक खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ ही उत्तराखण्ड की विशिष्ट पहचान को भी मजबूत करते हैं। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने भी साइकिलिस्टों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन जनपद एवं प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ ही स्थानीय स्तर पर आर्थिक और पर्यटन संबंधी गतिविधियों को भी प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के सुरक्षित एवं सफल सफर की कामना की। उल्लेखनीय है कि उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता का यह पांचवां संस्करण है। 658 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण साइकिल रेस में देश-विदेश के साइकिलिस्ट प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता के विभिन्न पड़ाव उत्तराखण्ड के खूबसूरत पर्वतीय मार्गों से होकर गुजर रहे हैं। इस दौरान प्रतिभागियों को राज्य की प्राकृतिक सुंदरता भौगोलिक विविधता और रोमांचकारी पर्वतीय रास्तों का अनुभव करने का अवसर मिल रहा है। इस आयोजन के माध्यम से उत्तराखण्ड को साहसिक पर्यटन एवं माउंटेन साइकिलिंग के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने के साथ ही प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत जिला पर्यटन विकास अधिकारी राहुल चौबे तहसीलदार रुद्रप्रयाग जगदीश नेगी साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के निदेशक वीएन सिंह संयुक्त सचिव शैलेंद्र पाठक एवं प्रसन्ना राउत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *