बदरीनाथ धाम में ईको पर्यटन शुल्क से मजबूत हो रहीं नागरिक सुविधाएं

बदरीनाथ धाम में ईको पर्यटन शुल्क से मजबूत हो रहीं नागरिक सुविधाएं

 
 
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। बदरीनाथ धाम में नागरिक सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए नगर पंचायत ने स्वावलंबन का एक नया मॉडल विकसित किया है। ईको पर्यटन शुल्क से अर्जित राजस्व के माध्यम से धाम में पथ प्रकाश सफाई ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और विभिन्न विकास कार्यों को गति दी जा रही है। इसके साथ ही तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए एंबुलेंस संचालन सहित अन्य व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं। नगर पंचायत की यह पहल जनपद के अन्य नगर निकायों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन रही है। नगर पंचायत बदरीनाथ की ओर से वर्ष 2022 में जारी गजट अधिसूचना के बाद धाम में आने वाले वाहनों से ईको पर्यटन शुल्क लिया जा रहा है। इसके अंतर्गत चारपहिया वाहन से 60 रुपये टेंपो ट्रैवलर एवं मिनी बस से 100 रुपये बस से 120 रुपये और हेलीकॉप्टर से एक हजार रुपये प्रति प्रवेश शुल्क निर्धारित किया गया है। इस मद से प्राप्त आय का उपयोग पर्यटन विकास ठोस अपशिष्ट प्रबंधन सफाई व्यवस्था विकास कार्यों यात्रा काल में अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती और बैरियर संचालन पर किया जाता है। धाम में तीर्थयात्रियों और वाहनों की बढ़ती संख्या के चलते शुल्क भुगतान में होने वाली परेशानी को देखते हुए नगर पंचायत ने वर्ष 2025 में देवदर्शनी फास्ट ट्रैक व्यवस्था भी शुरू की। इससे शुल्क भुगतान की प्रक्रिया को सुगम बनाने में मदद मिल रही है। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि इस वर्ष ईको पर्यटन शुल्क से कुल 1 करोड़ 57 लाख 18 हजार 930 रुपये की आय अर्जित की गई है। इसमें वाहनों से 1 करोड़ 25 लाख 58 हजार 490 रुपये और अन्य मद से 31 लाख 46 हजार 440 रुपये की आय शामिल है। इस राजस्व से धाम में बुनियादी सुविधाओं के संचालन और विस्तार में मदद मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *