भंडारों और चिकित्सा शिविरों का संयुक्त मजिस्ट्रेट ने किया निरीक्षण

हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचन्द्र शेट ने कांवड़ पटरी का स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न भंडारों और चिकित्सा शिविरों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए सेवा शिविरों में प्रसाद और जल वितरित किया तथा स्वयंसेवकों के सेवा भाव की सराहना की। इसके बाद चिकित्सा शिविरों में दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों, स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता और आपातकालीन व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्वास्थ्य सेवाएं हर समय सक्रिय रहें और किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और स्वास्थ्य प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है तथा सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करें।