43 धार्मिक स्थलों से हटवाए नियम विरुद्ध ध्वनि विस्तारक यंत्र

देहरादून। माननीय सुप्रीम कोर्ट के ध्वनि प्रदूषण संबंधी दिशा-निर्देशों के शत-प्रतिशत अनुपालन के लिए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर दून पुलिस ने जनपदभर में विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम के साथ धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकरों का निरीक्षण किया। निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज में संचालित हो रहे 43 धार्मिक स्थलों के लाउडस्पीकर हटवाए गए। साथ ही संबंधित संस्थाओं और व्यक्तियों को बिना सक्षम अनुमति तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही ध्वनि विस्तारक यंत्र संचालित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियमों, न्यायालय के आदेशों और शासन के निर्देशों की जानकारी देते हुए सभी को जागरूक किया। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों और संस्थानों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।