तिलवाड़ा में मलबा हटाकर राजमार्ग किया सुचारु

रुद्रप्रयाग। लगातार वर्षा के चलते तिलवाड़ा में बरसाती नाले से केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग-107 पर मलबा और बोल्डर आने से यातायात प्रभावित हुआ। सूचना पर जिला प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने जेसीबी की मदद से तत्काल मलबा हटाकर मार्ग सुचारु कर दिया। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और संवेदनशील स्थल पर मशीनरी व कर्मचारियों की स्थायी तैनाती के निर्देश दिए। उन्होंने नाले के ऊपरी हिस्से का तकनीकी आकलन कर स्थायी सुरक्षा कार्यों की कार्ययोजना तैयार करने को कहा। जिलाधिकारी ने मानसून के दौरान सभी भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सतर्कता बरतने और यात्रियों से सावधानीपूर्वक यात्रा करने की अपील की।