हरिद्वार के बड़े प्रॉपर्टी डीलरों बजाज एवं बत्रा पर मुकदमा दर्ज, रिजॉर्ट संचालक की आत्महत्या से जुड़ा है मामला  

हरिद्वार के बड़े प्रॉपर्टी डीलरों बजाज एवं बत्रा पर मुकदमा दर्ज, रिजॉर्ट संचालक की आत्महत्या से जुड़ा है मामला  
उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / जोगेंद्र मावी, 
हरिद्वार। हरिद्वार के दो बड़े प्रॉपर्टी डीलरों पर मुकदमा दर्ज हुआ हैं, हालांकि एक डीलर बत्रा कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
गंगा भोगपुर तल्ला स्थित पनाम्बी रिजॉर्ट एंड स्पा के संचालक नीरज गुप्ता की आत्महत्या के मामले में हरिद्वार के प्रॉपर्टी कारोबारी गोविंदपुरी निवासी रवि बजाज और गगन बत्रा समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है। मृतक की पत्नी विनीता गुप्ता की शिकायत पर लक्ष्मण झूला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। शिकायत में जमीन की खरीद-फरोख्त और धनराशि के विवाद को आत्महत्या से जोड़ते हुए दोनों कारोबारियों पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है।
ग्रेटर नोएडा निवासी विनीता गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पति नीरज गुप्ता गंगा भोगपुर तल्ला में पनाम्बी रिजॉर्ट एंड स्पा का संचालन करते थे। शिकायत के अनुसार, जमीन के लेनदेन और रकम को लेकर रवि बजाज, गगन बत्रा व अन्य लोगों के साथ विवाद चल रहा था। आरोप है कि इस विवाद के चलते नीरज गुप्ता मानसिक रूप से परेशान थे। पत्नी ने दावा किया कि उनके पति आत्महत्या से पहले पांच पत्र छोड़ गए थे।
जमीन के विवाद की जांच में जुटी पुलिस
मामले में हरिद्वार के प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े लोगों के नाम सामने आने के बाद जमीन के सौदे और धनराशि के लेनदेन से संबंधित पहलू अहम हो गए हैं। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटनाक्रम की पड़ताल करेगी।
यह है मामला
उत्तराखंड में पौड़ी गढ़वाल जिले के चीला क्षेत्र स्थित एक रिजॉर्ट का लीज पर संचालन कर रहे नोएडा के कारोबारी ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान नीरज गुप्ता निवासी एटीएस ग्रीन पैराडीसो, ग्रेटर नोएडा के रूप में हुई हैं वह चीला क्षेत्र के गंगा भोगपुर तल्ला स्थित रिजॉर्ट एंड स्पा का संचालन कर रहे थे। ये रिजॉर्ट अंकिता भंडारी प्रकरण के वनंतरा रिजॉर्ट के पास ही स्थित है। मामले में मृतक की पत्नी की शिकायत पर लक्ष्मणझूला थाना पुलिस ने दो नामजद समेत अन्य के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *