हल्द्वानी में गैरसैण को स्थायी राजधानी बनाने की माँग को लेकर आंदोलन जारी, क्रमिक अनशन पर बैठे आंदोलनकारी

हल्द्वानी में गैरसैण को स्थायी राजधानी बनाने की माँग को लेकर आंदोलन जारी, क्रमिक अनशन पर बैठे आंदोलनकारी
 
 
उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / कृष्णा नैनवाल,
 
  हल्द्वानी। उत्तराखंड की स्थायी राजधानी गैरसैण घोषित करने की माँग को लेकर हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में 18 अक्टूबर से चल रहा आंदोलन गुरुवार को भी जारी रहा। आंदोलन के तहत आज कविता जीना और विनोद घड़ियाल क्रमिक अनशन पर बैठे।
धरना स्थल पर मौजूद आंदोलनकारियों ने कहा कि प्रदेश का समग्र विकास तभी संभव है, जब राजधानी पहाड़ में, यानी गैरसैण में हो। उन्होंने कहा कि 42 लोगों की शहादत के बाद बने इस राज्य को आज भी अपनी स्थायी राजधानी नहीं मिल सकी है, जो राज्य निर्माण के लिए बलिदान देने वाले आंदोलनकारियों की भावनाओं के साथ अन्याय है।
लंबे समय से इस आंदोलन से जुड़े पूर्व आईएएस अधिकारी विनोद रतूड़ी ने कहा कि उनका नारा साफ है, “पहाड़ की राजधानी गैरसैण में होनी चाहिए।” उन्होंने कहा कि गैरसैण को राजधानी बनाने से पर्वतीय क्षेत्रों के विकास को गति मिलेगी और यह निर्णय जनभावनाओं के अनुरूप भी होगा।
आंदोलनकारियों ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार जल्द इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाती, तो वे गैरसैण को स्थायी राजधानी घोषित कराने के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने की तैयारी में हैं। उन्होंने कहा कि जब तक माँग पूरी नहीं होती, उनका आंदोलन शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहेगा। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में आंदोलनकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *