समग्र शिक्षा का बजट खर्च न होने पर शिक्षा मंत्री सख्त, अधिकारियों को लगाई फटकार

समग्र शिक्षा का बजट खर्च न होने पर शिक्षा मंत्री सख्त, अधिकारियों को लगाई फटकार

देहरादून। प्रदेश में समग्र शिक्षा अभियान के तहत केंद्र सरकार से प्राप्त बजट समय पर खर्च न होने पर शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। अपने शासकीय आवास पर आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि भविष्य में बजट व्यय में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं के लिए निर्धारित राज्यांश भी समय पर खर्च करने के निर्देश दिए।
बैठक में शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों की लंबित पदोन्नति और वार्षिक स्थानांतरण प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि लंबे समय से प्रतीक्षा कर रहे शिक्षकों को शीघ्र राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से केंद्र सरकार द्वारा पीएम-पोषण एवं समग्र शिक्षा अभियान की बैठक में लिए गए निर्णयों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को भी कहा।
डॉ. रावत ने बताया कि 8 और 9 अगस्त को देहरादून में दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी जिलों के मुख्य शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी और डायट प्राचार्य भाग लेंगे। कार्यशाला में जनपदों द्वारा समग्र शिक्षा के तहत किए गए नवाचारों और उत्कृष्ट कार्यों का प्रस्तुतीकरण होगा।
उन्होंने महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा को आईसीटी लैब, वर्चुअल क्लास, स्मार्ट क्लास सहित समग्र शिक्षा की सभी योजनाओं का भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए, ताकि पूर्ण परियोजनाओं का शीघ्र शुभारंभ किया जा सके। इसके अलावा 200 विद्यालयों में संचालित व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए नई संस्था का चयन होने तक पूर्व संस्था से ही कार्य जारी रखने के निर्देश दिए। बैठक में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *