डॉ. सुशील बनेंगे हिंदी संवाद का सेतु, केंद्रीय हिंदी निदेशालय द्वारा चुने गए देश भर से आठ विद्वान

डॉ. सुशील बनेंगे हिंदी संवाद का सेतु, केंद्रीय हिंदी निदेशालय द्वारा चुने गए देश भर से आठ विद्वान
 
उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / जोगेंद्र मावी,
देहरादून। चमन लाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षाविद् डॉ. सुशील उपाध्याय का चयन भारत सरकार के केंद्रीय हिंदी निदेशालय की ‘प्राध्यापक व्याख्यानमाला’ के लिए किया गया है। इस योजना के अंतर्गत वे गैर हिंदी भाषी राज्यों में हिंदी विद्वानों, शोधार्थियों तथा हिंदी के विद्यार्थियों से संवाद करेंगे।
केंद्रीय हिंदी निदेशालय के निदेशक प्रो. हितेंद्र कुमार मिश्र द्वारा जारी पत्र में डॉ. सुशील उपाध्याय के चयन की सूचना दी गई। इस योजना के अंतर्गत देशभर से आठ हिंदी विद्वानों का चयन किया गया है, जिनमें चार हिंदी भाषी क्षेत्रों तथा चार गैर हिंदी भाषी क्षेत्रों में हिंदी के अध्यापन एवं शोध से जुड़े हुए हैं। हिंदी भाषी क्षेत्र से चयनित चार प्राध्यापकों में डॉ. सुशील उपाध्याय भी शामिल हैं। वे उत्तराखंड से चयनित एकमात्र प्राध्यापक हैं।
इस योजना के अंतर्गत डॉ. सुशील उपाध्याय आगामी दिनों में महाराष्ट्र के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में हिंदी के प्राध्यापकों, शोधार्थियों तथा विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। 
साथ ही, हिंदी में सृजनात्मक लेखन, सिनेमा और समाज के अंतर्संबंध, नई शिक्षा नीति के परिप्रेक्ष्य में भारत की भाषिक विविधता, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और हिंदी भाषा, हिंदी के माध्यम से करियर निर्माण की संभावनाओं एवं चुनौतियों तथा राजभाषा के रूप में हिंदी के विविध आयामों पर संवाद करेंगे।
केंद्रीय हिंदी निदेशालय के सहायक निदेशक डॉ. दीपक पांडेय ने बताया कि व्याख्यान माला का आयोजन निदेशालय की विस्तार कार्यक्रम योजना के अंतर्गत किया जा रहा है। इस योजना के जरिए हिंदीतर भाषी क्षेत्रों के हिंदी विद्यार्थियों की अध्ययन यात्रा, हिंदीतर भाषी हिंदी नवलेखक शिविरों का आयोजन और राष्ट्रीय संगोष्ठियों भी आयोजित की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *