बेस अस्पताल में डॉक्टरों ने बचाई 12 वर्षीय सर्पदंश पीड़ित बच्ची की जान

श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा बेस चिकित्सालय के बाल रोग विभाग ने जहरीले सर्पदंश से गंभीर रूप से बीमार हुई 12 वर्षीय बालिका को सफल उपचार देकर नया जीवन दिया। रुद्रप्रयाग जिले के भराणसैंण गांव निवासी प्रतिज्ञा को 17 जून को घास काटने के दौरान जहरीले सांप ने काट लिया था। अस्पताल पहुंचने पर उसकी हालत बेहद गंभीर थी और शरीर में जहर फैलने से रक्त जमने की प्रक्रिया प्रभावित हो गई थी।
बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. सी.एम. शर्मा के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने 40 एंटी स्नेक वेनम (एएसवी) इंजेक्शन, 17 यूनिट फ्रेश फ्रोजन प्लाज्मा (एफएफपी) और 4 यूनिट क्रायोप्रेसिपिटेट देकर उपचार किया। सर्जरी विभाग ने भी आवश्यक शल्य प्रक्रिया कर सूजन नियंत्रित की। 12 दिनों की गहन निगरानी के बाद बच्ची पूरी तरह स्वस्थ होकर खतरे से बाहर आ गई। परिजनों ने चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और ब्लड सेंटर का आभार जताते हुए कहा कि डॉक्टरों ने उनकी बेटी को दूसरा जीवन दिया।