ओरिएंटेशन कार्यक्रम में डीएम ने विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र

ओरिएंटेशन कार्यक्रम में डीएम ने विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र


उत्तरकाशी। रामचन्द्र उनियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सभागार में आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के तत्वावधान में बीएससी, बीए एवं बीकॉम प्रथम सेमेस्टर के नवागत विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग कर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन किया।
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में प्रवेश के लिए शुभकामनाएं देते हुए समय प्रबंधन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्र के युवाओं में असीम प्रतिभा है। स्पष्ट लक्ष्य, एकाग्रता, अनुशासन और निरंतर प्रयास के बल पर विद्यार्थी कठिन से कठिन लक्ष्य हासिल कर सकते हैं। महाविद्यालय प्रशासन एवं प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालयीय पाठ्यक्रम, क्रेडिट प्रणाली, परीक्षा व्यवस्था, पुस्तकालय, एनसीसी, एनएसएस तथा परिसर के अनुशासन संबंधी नियमों की जानकारी दी। कार्यक्रम में प्राचार्य पंकज पंत सहित अन्य प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *