उद्योगों और प्रशासन के बीच समन्वय बढ़ाने को डीएम ने दिए निर्देश

उद्योगों और प्रशासन के बीच समन्वय बढ़ाने को डीएम ने दिए निर्देश


हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में कांवड़ मेला-2026 के दौरान औद्योगिक गतिविधियों और यातायात व्यवस्था के बेहतर समन्वय को लेकर सिडकुल कार्यालय में उद्योग प्रतिनिधियों एवं परिवहन विभाग की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्रीय प्रबंधक कमल कफलतिया, एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा तथा एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा सहित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में कांवड़ मेले के दौरान भारी मालवाहक वाहनों पर लागू यातायात प्रतिबंध, डायवर्जन व्यवस्था और निर्धारित समयावधि की जानकारी देते हुए उद्योगों से उत्पादन, डिस्पैच और लॉजिस्टिक्स की पूर्व योजना बनाने को कहा गया, ताकि औद्योगिक गतिविधियां और कांवड़ यात्रा दोनों सुचारु रूप से संचालित हो सकें। परिवहन विभाग ने ऑटोमोबाइल कंपनियों को केवल वैधानिक मानकों के अनुरूप वाहनों के उपयोग के निर्देश दिए। साथ ही उद्योगों से कर्मचारियों के बीच हेलमेट, सीट बेल्ट, गति सीमा के पालन और वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करने संबंधी जागरूकता अभियान चलाने की अपील की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण, संयुक्त जागरूकता कार्यक्रम और औद्योगिक क्षेत्र में जाम की समस्या के समाधान पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले भारी वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ आवश्यकता पड़ने पर उन्हें ब्लैकलिस्ट भी किया जाएगा। उद्योग प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन और परिवहन विभाग को पूर्ण सहयोग का भरोसा देते हुए कांवड़ मेला-2026 के दौरान सभी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई। बैठक में हिंदुस्तान यूनिलीवर, हीरो मोटोकॉर्प, पैनासोनिक, हैवेल्स, किर्बी सहित सिडकुल की कई प्रमुख औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *