कुंभ मेला-2027 के निर्माण कार्यों की प्रगति पर मंडलायुक्त की नजर, दिए निर्देश

कुंभ मेला-2027 के निर्माण कार्यों की प्रगति पर मंडलायुक्त की नजर, दिए निर्देश


हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के उद्देश्य से गढ़वाल मंडलायुक्त ’’आनंद स्वरूप’’ ने शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचकर मेले से जुड़ी विभिन्न निर्माण परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि कुंभ मेला-2027 से जुड़े सभी निर्माण कार्य शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता में हैं और किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने सबसे पहले धनौरी-सिडकुल मार्ग पर पथरी रौ नदी में पुरानी गंग नहर के साइफन के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में निर्माणाधीन दो लेन के 90 मीटर स्पान वाले पुल का जायजा लिया। करीब ’’16.59 करोड़ रुपये’’ की लागत से बन रहे इस पुल के संबंध में सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कुल 36 आधार स्तंभों में से 33 का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच चुका है, जबकि शेष तीन स्तंभों का कार्य इसी माह पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद पाइल कैप निर्माण और स्टील सुपर स्ट्रक्चर स्थापित करने का कार्य शुरू होगा। अधिकारियों ने बताया कि पुल के स्टील ढांचे का निर्माण भी कार्यशाला में तेजी से चल रहा है। मंडलायुक्त ने नदी तल में चल रहे कार्यों में और तेजी लाने, सभी आधार स्तंभ एवं पाइल कैप का निर्माण शीघ्र पूरा करने तथा प्रत्येक चरण की गुणवत्ता का नियमित परीक्षण कराने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने ’’8.50 किलोमीटर लंबे धनौरी-सिडकुल मोटर मार्ग’’ के चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण एवं डामरीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। इस परियोजना के लिए कुंभ मेला मद से ’’6.53 करोड़ रुपये’’ स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश समाप्त होते ही डामरीकरण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हो सके।

मंडलायुक्त ने कहा कि कुंभ मेला-2027 की तैयारियों की नियमित समीक्षा के साथ निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक परियोजना की समय-समय पर समीक्षा कर कार्यों को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी ’’दयानंद सरस्वती’’, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता ’’अनुभव नौटियाल’’ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *