डायट में शिक्षा सुधार पर जिलाधिकारी ने की समीक्षा, दिए निर्देश

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) पौड़ी में आयोजित कार्यक्रम सलाहकार समिति की बैठक में शिक्षक प्रशिक्षण, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, अवसंरचना विकास और डिजिटल शिक्षा की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों का प्रभाव विद्यालयों तक दिखाई देना चाहिए। जिलाधिकारी ने स्थानीय भाषा के संरक्षण के लिए प्राथमिक विद्यालयों में गढ़वाली भाषा की पुस्तकों के मुद्रण व वितरण, नशामुक्ति और साइबर सुरक्षा पर जागरूकता बढ़ाने, तथा रोजगारपरक विदेशी भाषा पाठ्यक्रमों के मूल्यांकन के निर्देश दिए। उन्होंने मॉडल विद्यालयों की नियमित निगरानी, सभी स्कूलों में स्मार्ट क्लास की सुविधा उपलब्ध कराने और लंबित निर्माण कार्य समयबद्ध पूरा करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान महिला शौचालय, पेयजल व्यवस्था और छात्रावास की सुविधाओं में सुधार के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि तकनीक, नवाचार और भारतीय ज्ञान परंपरा के समन्वय से ही शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।