जिलाधिकारी ने ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का किया निरीक्षण

टिहरी गढ़वाल। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने नई टिहरी स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा, अभिलेखों के रख-रखाव, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश नियंत्रण व्यवस्था, एफएलसी हॉल और डबल लॉक सिस्टम का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वेयरहाउस में चल रहे मरम्मत कार्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं, ताकि मशीनों की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित हो सके। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, सहायक निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

ईवीएम-वीवीपैट वेयर हाउस का मासिक निरीक्षण किया
चमोली। अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक प्रकाश ने शनिवार को ईवीएम एवं वीवीपैट वेयर हाउस का मासिक निरीक्षण कर सुरक्षा और रखरखाव व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्र, अलार्म सिस्टम सहित सभी सुरक्षा उपकरणों की कार्यप्रणाली की जांच कर उन्हें हर समय क्रियाशील रखने के निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि स्ट्रांग रूम और निर्वाचन संबंधी संवेदनशील सामग्री की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है तथा सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डी.सी. सती, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।