धात्री स्वायत्त सहकारिता का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, महिला समूहों के कार्यों की सराहना

धात्री स्वायत्त सहकारिता का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, महिला समूहों के कार्यों की सराहना


टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने मंगलवार को विकासखंड जौनपुर के कैम्पटी स्थित ’’धात्री स्वायत्त सहकारिता’’ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों का अवलोकन कर महिलाओं के प्रयासों की सराहना की।
सहकारिता के संचालक विरेन्द्र वर्मा ने जिलाधिकारी को बताया कि यह पहल मसूरी वन प्रभाग के अंतर्गत लखवाड़ बांध कैट प्लान के माध्यम से संचालित की जा रही है। इसके तहत महिलाएं पहाड़ी दालें, पारंपरिक मसाले, अचार, झंगोरा-मंडुवा उत्पाद, जूस, जैम, हस्तशिल्प और अन्य स्थानीय उत्पाद तैयार कर रही हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में उपलब्ध वन उत्पादों का वैज्ञानिक तरीके से संग्रहण कर महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जाता है और मूल्य संवर्धित उत्पादों को बाजार तक पहुंचाया जा रहा है। साथ ही महिलाओं को ढींगरी मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण भी दिया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि स्थानीय संसाधनों पर आधारित ऐसे प्रयास ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने सहकारिता के प्रयासों की सराहना करते हुए स्थानीय उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने के लिए निरंतर कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *