जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा कार्यों में तेजी के दिए निर्देश

टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को दुर्घटना संभावित स्थलों पर त्वरित सुधारात्मक कार्य करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने भद्रकाली से ब्रह्मानंद मोड़ तक रंबल स्ट्रिप का कार्य शीघ्र पूरा करने तथा चंबा विकासखंड मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने के आदेश दिए। साथ ही अंधे मोड़ों पर कॉन्केव मिरर, गति सीमा संकेतक, क्रैश बैरियर और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने पुलिस व संबंधित विभागों को संयुक्त निरीक्षण कर दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण करने, मानसून के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने और यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके।