दिव्यांग सुनील को पेंशन, बैंक खाता और नई व्हीलचेयर की मिली सौगात

दिव्यांग सुनील को पेंशन, बैंक खाता और नई व्हीलचेयर की मिली सौगात


देहरादून। जिला प्रशासन की संवेदनशील पहल से दिव्यांग सुनील चन्द्र के जीवन में नई उम्मीद जगी है। अपर नत्थनपुर निवासी सुनील लंबे समय से सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित थे। समाधान दिवस में उनकी समस्या सुनने के बाद जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें दिव्यांगता प्रमाण पत्र, मासिक पेंशन, बैंक खाता और निःशुल्क व्हीलचेयर की सुविधा मिल सकी।
29 जून को सुनील व्हीलचेयर के सहारे समाधान दिवस में पहुंचे थे और उन्होंने अपनी आर्थिक एवं शारीरिक परेशानियों से जिलाधिकारी को अवगत कराया था। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मेडिकल जांच कराने और दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए। निर्देशों के अनुपालन में मेडिकल जांच के बाद सुनील को 45 प्रतिशत दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किया गया। समाज कल्याण विभाग ने आय प्रमाण पत्र की प्रक्रिया पूरी कर अगस्त माह से उनकी दिव्यांग पेंशन स्वीकृत कर दी। जांच में बैंक खाता नहीं होने की जानकारी मिलने पर इंडियन पोस्ट पेमेंट बैंक के कर्मचारियों ने घर पहुंचकर उनका खाता खोला। प्रशासन की इस पहल से सुनील चन्द्र ने जिलाधिकारी और पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *