बीएमडी शिविर हुई 400 कर्मचारियों की हड्डियों की जांच

हरिद्वार। बीएचईएल हरिद्वार के चिकित्सा विभाग ने एशियन अस्पताल, फरीदाबाद के सहयोग से सेवारत एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों तथा उनके जीवनसाथियों के लिए बोन मिनरल डेंसिटी (बीएमडी) जांच शिविर आयोजित किया।
मुख्य चिकित्सालय के अस्थि रोग विभाग में आयोजित शिविर का उद्घाटन महाप्रबंधक (पीसीआरआई) अमित श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने समय पर जांच के महत्व पर जोर देते हुए ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के नियमित आयोजन की आवश्यकता बताई। प्रमुख (चिकित्सा सेवाएं) डॉ. शारदा स्वरूप ने कहा कि शिविर का उद्देश्य ऑस्टियोपोरोसिस जैसी बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने करीब 400 लोगों की बीएमडी जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया तथा संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।