कांवड़ मेले से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 216 ढाबों का निरीक्षण

हरिद्वार। कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद में सघन अभियान चलाया। सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी के नेतृत्व में चंडीदेवी मंदिर से चिड़ियापुर तक 216 ढाबों का निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान आठ ढाबे बिना फूड लाइसेंस संचालित होते मिले, जिनके संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए दो दिन के भीतर फूड लाइसेंस बनवाकर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। खराब गुणवत्ता के भोजन की शिकायतों पर तीन खाद्य नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। टीम ने ढाबा संचालकों को रेट लिस्ट प्रदर्शित करने, एक्सपायरी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक, डस्टबिन की व्यवस्था, खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि कांवड़ मेले के दौरान निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।