भैयादूज पर शीतकाल के लिए बंद हुए श्री यमुनोत्री धाम के कपाट

भैयादूज पर शीतकाल के लिए बंद हुए श्री यमुनोत्री धाम के कपाट
 
उत्तरकाशी/बड़कोट। विश्वप्रसिद्ध श्री यमुनोत्री धाम के कपाट बुधवार को भैयादूज के पावन पर्व पर विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट पूर्वाह्न 10 बजकर 28 मिनट पर बंद हुए। इसके साथ ही चारधाम यात्रा के इस पड़ाव का समापन हो गया।
कपाट बंद होने के पश्चात मां यमुना की उत्सव डोली पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के बीच शीतकालीन प्रवास खरसाली (खुशीमठ) गांव के लिए रवाना हुई। शनिदेव महाराज की अगुवाई में ढोल-दमाऊ की मधुर धुनों और सैकड़ों श्रद्धालुओं के जयकारों के बीच डोली ने धाम से विदाई ली। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां यमुना के जयकारे लगाकर भावपूर्ण विदाई दी। शीतकाल के दौरान श्रद्धालु खरसाली स्थित मां यमुना मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे। उत्तरकाशी पुलिस ने चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। साथ ही शीतकालीन यात्रा और आगामी वर्ष श्री यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *