बैरागीवाला हत्याकांड में फरार एक और आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे

देहरादून। सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में खेत में पानी छोड़ने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस बहुचर्चित हत्याकांड में गिरफ्तार अभियुक्तों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है।
गौरतलब है कि 13 जून 2026 को खेत में सिंचाई के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया था। आरोप है कि एक पक्ष के कई लोगों ने अशोक कुमार, विनोद कुमार और राजेश कुमार के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की, जिसमें गंभीर रूप से घायल विनोद कुमार की उपचार के दौरान अस्पताल में मृत्यु हो गई थी। मृतक के भाई अशोक कुमार की तहरीर पर कोतवाली सहसपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत 12 नामजद आरोपियों और 30-40 अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित की गई थीं।
पुलिस ने पहले ही इस मामले में नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया था। अब फरार चल रहे एक और आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार शेष आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तारी की कार्रवाई में उपनिरीक्षक अशोक कुमार, हेड कांस्टेबल त्रेपन सिंह, कांस्टेबल बृजपाल सिंह, कांस्टेबल कुलदीप तथा एसओजी देहात के कांस्टेबल जितेंद्र कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में निष्पक्ष जांच जारी है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।