शास्त्रीय नृत्य प्रतियोगिता में अंबिका पंवार प्रथम, आंचल रही द्वितीय

उत्तरकाशी। ऋषिराम शिक्षण संस्थान, मनेरा परिसर में शनिवार को सह-पाठ्यक्रमीय गतिविधियों के अंतर्गत शास्त्रीय नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना से हुआ। विभिन्न हाउसों के छात्र-छात्राओं ने भाव-भंगिमा, नृत्य मुद्राओं, ताल-लय और शानदार मंचीय प्रस्तुति से भारतीय शास्त्रीय नृत्य एवं सांस्कृतिक विरासत की मनमोहक झलक प्रस्तुत की।
प्रधानाचार्य डॉ. एस.के. मिश्रा के निर्देशन में आयोजित प्रतियोगिता में उप-प्रधानाचार्य बद्रीश बिष्ट, वरिष्ठ शिक्षक जे.पी. बहुगुणा एवं विमल पंवार ने निर्णायक की भूमिका निभाई। प्रतिभागियों का मूल्यांकन नृत्य की शुद्धता, भाव-भंगिमा, ताल-लय, अनुशासन एवं प्रस्तुति के आधार पर किया गया। प्रतियोगिता में टैगोर हाउस की अंबिका पंवार ने प्रथम, आजाद हाउस की आंचल ने द्वितीय तथा गांधी हाउस की अदिति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रधानाचार्य ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के साथ उन्हें भारतीय संस्कृति से जोड़ती हैं। कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।