कांवड़ मेला समापन के बाद गंगा घाटों पर चला वृहद स्वच्छता अभियान

कांवड़ मेला समापन के बाद गंगा घाटों पर चला वृहद स्वच्छता अभियान


हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के सफल एवं सकुशल समापन के बाद मुख्यमंत्री के निर्देशों एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में जनपद में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। नगर निगम, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों द्वारा घाटों, सार्वजनिक स्थलों और मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी ने आमजन, स्वयंसेवी संगठनों, जनप्रतिनिधियों और व्यापार मंडलों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।
इसी क्रम में विष्णु घाट पर आईटीसी मिशन सुनहरा कल, श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम एवं नगर निगम हरिद्वार के संयुक्त प्रयास से गंगा स्वच्छता अभियान चलाया गया। घाट की सफाई एवं धुलाई के साथ श्रद्धालुओं और दुकानदारों को गंगा में कचरा व प्लास्टिक न डालने के लिए जागरूक किया गया। अभियान में 92 गार्बेज बैग कचरा एकत्र कर वैज्ञानिक निस्तारण के लिए नगर निगम को सौंपा गया। पंत दीप पूर्वी घाट और रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में भी विभिन्न सामाजिक संगठनों ने सफाई अभियान चलाया। जिलाधिकारी ने कहा कि गंगा की स्वच्छता हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने संदेश दिया कि आस्था के साथ स्वच्छता का संकल्प लें, स्वच्छता ही सेवा और संस्कार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *