नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने वाला आरोपी कर्नाटक से गिरफ्तार

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र से लापता नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कर्नाटक से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने किशोरी को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
पुलिस के अनुसार बंजारावाला निवासी व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बहन के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने पूछताछ, मुखबिर तंत्र और मोबाइल सर्विलांस के आधार पर आरोपी आरिफ (24) की लोकेशन कर्नाटक के मेंगलुरु क्षेत्र में ट्रेस की। पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से नाबालिग को सकुशल बरामद किया। पीड़िता के बयान और चिकित्सकीय परीक्षण के आधार पर मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो अधिनियम की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून लाकर न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विनोद कुमार, हेड कांस्टेबल नरेंद्र पुरी और महिला कांस्टेबल सावित्री शामिल रहीं।