शहीद जगदीश वत्स की 101वीं जयंती पर उमड़ा देशभक्ति का ज्वार, दी श्रद्धांजलि

शहीद जगदीश वत्स की 101वीं जयंती पर उमड़ा देशभक्ति का ज्वार, दी श्रद्धांजलि


हरिद्वार। स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के अनुरोध पर जिला प्रशासन द्वारा ज्वालापुर स्थित शहीद जगदीश वत्स पार्क में अमर शहीद ’’जगदीश वत्स’’ की 101वीं जयंती ऐतिहासिक रूप से मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री ’’मदन कौशिक’’ ने ध्वजारोहण के साथ किया। राष्ट्रगान एवं वंदे मातरम् के बाद शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
समिति के राष्ट्रीय महासचिव ’’जितेन्द्र रघुवंशी’’ ने कहा कि शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान देश की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शहीद जगदीश वत्स का बलिदान पूरे देश में प्रेरणा का स्रोत बनेगा और उनके यशोगान को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने अंडमान की सेल्यूलर जेल और असम सरकार द्वारा शहीदों के सम्मान में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास से जोड़ना समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम में शहीद जगदीश वत्स के अद्वितीय बलिदान को याद किया गया। बताया गया कि वर्ष 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान मात्र ’’17 वर्ष’’ की आयु में उन्होंने हरिद्वार में तिरंगा फहराते हुए अंग्रेजों की गोलियां झेलीं और बाद में वीरगति को प्राप्त हुए। उनके साहस और देशभक्ति को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कैबिनेट मंत्री ’’मदन कौशिक’’ ने कहा कि उत्तराखंड सरकार स्वतंत्रता सेनानी एवं शहीद परिवारों के सम्मान और हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में शहीद जगदीश वत्स की जयंती को केवल जिला स्तर ही नहीं, बल्कि प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर भी व्यापक रूप से मनाया जाएगा। कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानी परिवारों, वरिष्ठ पत्रकारों और समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भारत भूषण विद्यालंकार, समिति के अध्यक्ष देशबंधु तथा राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *