नशा मुक्ति केंद्र में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

शरीर पर चोट के निशान मिलने से मचा हड़कंप, नशा मुक्ति केंद्र संचालक की गिरफ्तारी की मांग; पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर कब्जे में लेकर शुरू की जांच
 
 
 
 
विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के छोटूवाला स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में मंगलवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान डाकपत्थर निवासी इमरान के रूप में हुई है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में परिजन व स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए।
 
शरीर पर चोट के निशानों से गहराया शक
 
जानकारी के अनुसार, इमरान को नशे की लत छुड़ाने के उद्देश्य से छोटूवाला स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था। मंगलवार को केंद्र प्रबंधन की ओर से परिजनों को उसकी तबीयत बिगड़ने और मौत होने की सूचना दी गई। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो उन्होंने युवक के शरीर पर चोट के कई निशान देखे, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। परिजनों का कहना है कि इमरान की सामान्य मौत नहीं हुई है, बल्कि उसके साथ मारपीट कर उसकी हत्या की गई है।
संचालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा
गुस्साए परिजनों ने नशा मुक्ति केंद्र के संचालक और स्टाफ पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से नशा मुक्ति केंद्र संचालक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही, क्षेत्र में संचालित हो रहे ऐसे केंद्रों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए हैं।
 
 
पुलिस जांच में जुटी, डीवीआर कब्जे में लिया
 
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी के अनुसार, मामले की हर पहलू से गंभीरतापूर्वक जांच की जा रही है। साक्ष्य जुटाने के लिए नशा मुक्ति केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर (DVR) को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *