दिल्ली से गांव लौटकर सम्पत्ति देवी ने मुर्गी पालन से खड़ा किया अपना कारोबार

दिल्ली से गांव लौटकर सम्पत्ति देवी ने मुर्गी पालन से खड़ा किया अपना कारोबार

 
 
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। कोरोना काल में दिल्ली से गांव लौटने के बाद विकासखंड कल्जीखाल के ग्राम देवल निवासी सम्पत्ति देवी ने मुर्गी पालन को अपनी आजीविका का आधार बनाया और गांव में ही स्वरोजगार का सफल उद्यम खड़ा किया। ग्रामोत्थान परियोजना के सहयोग और अपने निरंतर प्रयासों से उन्होंने छोटे स्तर पर शुरू किए गए मुर्गी पालन व्यवसाय को मदर यूनिट के रूप में विकसित किया है। आज उनकी इकाई में लगभग 300 से 400 मुर्गियां और 100 चूजे हैं। इस इकाई से प्रतिदिन औसतन 2500 रुपये की बिक्री हो रही है जबकि मासिक बिक्री करीब 75 हजार रुपये तक पहुंच रही है। दाना दवा बिजली और अन्य संचालन खर्चों के बाद उन्हें लगभग 18750 रुपये प्रतिमाह का शुद्ध परिचालन लाभ प्राप्त हो रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में प्रदेश में ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं ग्रामोत्थान परियोजना से जुड़कर सम्पत्ति देवी ने उद्यमशीलता की मिसाल पेश की है। वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान उनके पति नागेन्द्र सिंह दिल्ली से गांव लौटे थे। इसके बाद परिवार ने शहर की ओर वापस जाने के बजाय गांव में ही रोजगार का साधन विकसित करने का निर्णय लिया। राज राजेश्वरी स्वयं सहायता समूह की सदस्य सम्पत्ति देवी ने पति के सहयोग से सीमित संसाधनों में मुर्गी पालन शुरू किया। शुरुआती अनुभवों से उनका हौसला बढ़ा और उन्होंने इस व्यवसाय को बड़े स्तर पर संचालित करने की योजना बनाई। उनके प्रयासों को विस्तार देने में ग्रामोत्थान परियोजना का सहयोग महत्वपूर्ण साबित हुआ। वित्तीय वर्ष 2025-26 में मुर्गी पालन व्यवसाय के लिए तीन लाख रुपये की योजना स्वीकृत की गई। इसमें डेढ़ लाख रुपये बैंक ऋण 75 हजार रुपये परियोजना अनुदान और 75 हजार रुपये लाभार्थी अंशदान शामिल है। इस धनराशि से उन्होंने मुर्गियों के लिए सुरक्षित शेड तैयार किया और उन्नत नस्ल के चूजों के साथ दाना-पानी तथा आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था की। ग्रामोत्थान परियोजना प्रबंधक कुलदीप बिष्ट के अनुसार सम्पत्ति देवी का उद्यम ग्रामीण क्षेत्र में स्वरोजगार की संभावनाओं का अच्छा उदाहरण है। स्वयं सहायता समूह से जुड़ाव और परियोजना के वित्तीय सहयोग से उन्हें अपने व्यवसाय को व्यवस्थित रूप देने में मदद मिली है। उनका यह प्रयास अन्य ग्रामीण महिलाओं को भी स्थानीय संसाधनों के आधार पर आजीविका के साधन विकसित करने के लिए प्रेरित कर रहा है। दिल्ली से गांव लौटकर रोजगार की तलाश करने के बजाय खुद का रोजगार खड़ा करने का सम्पत्ति देवी का निर्णय आज उनके परिवार के लिए आर्थिक संबल बन रहा है। उनकी कहानी बताती है कि सही दिशा मेहनत और संस्थागत सहयोग मिले तो गांव में रहकर भी उद्यमिता की राह बनाई जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *