सौंग घाटी का आंदोलन ग्यारहवें दिन भी जारी, विधायक प्रीतम पंवार के खिलाफ क्षेत्रवासियों ने खोला मोर्चा

सौंग घाटी का आंदोलन ग्यारहवें दिन भी जारी, विधायक प्रीतम पंवार के खिलाफ क्षेत्रवासियों ने खोला मोर्चा
 
 
धनोल्टी। सौंग बाँध संघर्ष समिति एवं सौंग घाटी संयुक्त संघर्ष मोर्चा समिति के तत्वावधान में 15 सूत्रीय मांगों के निराकरण हेतु चल रहा अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार ग्यारहवें दिन भी जारी रहा। आंदोलन की संयुक्त अध्यक्षता सौंग बाँध संघर्ष समिति के अध्यक्ष रविंद्र पंवार एवं सौंग घाटी संयुक्त संघर्ष मोर्चा समिति के अध्यक्ष कुलदीप पंवार ने की।
 
यह आंदोलन विधानसभा धनोल्टी के ग्राम पंचायत तौलियाकाटल अंतर्गत सौदना गांव तथा विधानसभा रायपुर की ग्राम पंचायत अखाड़ी भीलंग के हिलासवाली गांव के समीप आयोजित किया जा रहा है। मनोज कुकरेती ने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर समर्थन दिया उन्होंने क्षेत्रवासियों की 15 सूत्रीय मांगों को गंभीरता से सुना तथा आंदोलन को अपना समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि वह अपने स्तर से क्षेत्र की इन समस्याओं एवं मांगों को शासन और प्रशासन तक पहुंचाने का पूरा प्रयास करेंगे, ताकि प्रभावित क्षेत्रवासियों को न्याय मिल सके और उनकी समस्याओं का उचित समाधान हो सके।
 
विधायक प्रीतम पंवार के खिलाफ क्षेत्रवासियों में आक्रोश, लगाए हाय-हाय के नारे
 
आंदोलन के ग्यारहवें दिन क्षेत्रीय विधायक धनोल्टी विधानसभा श्री प्रीतम पंवार के खिलाफ क्षेत्रवासियों का आक्रोश देखने को मिला। आक्रोशित ग्रामीणों ने विधायक के खिलाफ हाय-हाय के नारे लगाते हुए अपना विरोध दर्ज कराया और उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
 
क्षेत्रवासियों ने कहा कि आंदोलन के तीसरे दिन विधायक प्रीतम पंवार धरना स्थल पर पहुंचे थे। उस दौरान उन्होंने आश्वासन दिया था कि वह क्षेत्र की 15 सूत्रीय मांगों को जल्द ही शासन और प्रशासन के समक्ष रखेंगे तथा समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करेंगे।
 
लेकिन क्षेत्रवासियों का आरोप है कि उनके इस आश्वासन के बाद आज तक न तो विधायक की ओर से कोई जानकारी दी गई, न ही आंदोलन की प्रगति को लेकर कोई संपर्क किया गया और न ही उन्होंने दोबारा क्षेत्रवासियों की सुध ली।
 
 
आंदोलन में उपस्थित पदाधिकारी एवं क्षेत्रवासी
 
आंदोलन में सौंग बाँध संघर्ष समिति के अध्यक्ष रविंद्र पंवार, सचिव बलवीर कंडारी, रविराज पंवार तथा सौंग घाटी संयुक्त संघर्ष मोर्चा समिति के अध्यक्ष कुलदीप पंवार, सचिव आदित्य कंडारी, प्रधान प्रतिनिधि दिनेश पंवार, पूर्व प्रधान वीरेंद्र सेंद्री , अरविंद कंडारी, रूप सिंह पवाँर बलवीर पवाँर, बियर सिंह पवाँर सहित अनेक क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *