डबल हेलमेट पहनने वालों को एसएसपी ने फूल देकर किया सम्मानित, दूसरों को बांटे हेलमेट
देहरादून। यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में शुक्रवार को विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान एसएसपी ने खुद सड़क पर उतरकर दोपहिया वाहन चालकों और पीछे बैठी सवारी को हेलमेट की अनिवार्यता के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट पीछे बैठने वाले लोगों को हेलमेट वितरित किए गए और इसके महत्व की जानकारी दी गई। वहीं, चालक और पीछे बैठी सवारी दोनों के हेलमेट पहनने पर एसएसपी ने उन्हें फूल देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और परिवार की सुरक्षा के लिए जरूरी है। एसएसपी ने ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करने की अपील की। उन्होंने सीट बेल्ट लगाने और सभी यातायात नियमों का पालन करने पर भी जोर दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अब पीछे बैठी सवारी के हेलमेट न पहनने पर वाहन चालक के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जाएगी।