अधिक किराया वसूली और ओवरलोडिंग पर सख्ती, 45 चालान
हरिद्वार। त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में इंटरसेप्टर प्रभारी वरुणा सैनी ने ऑटो, विक्रम, ई-रिक्शा सहित यात्री वाहनों की जांच की।
अभियान के दौरान ओवरलोडिंग, निर्धारित दर से अधिक किराया वसूली, परमिट शर्तों के उल्लंघन और अन्य मामलों में कुल 45 चालान किए गए। इसके साथ ही वाहन चालकों की काउंसलिंग कर उन्हें निर्धारित यात्री क्षमता और किराया दरों का पालन करने के निर्देश दिए गए। चालकों को यात्रियों के साथ शालीन व्यवहार करने और सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति भी जागरूक किया गया। परिवहन विभाग ने यात्रियों से अपील की है कि अधिक किराया मांगे जाने पर वाहन का पंजीकरण नंबर और यात्रा का विवरण सुरक्षित रखते हुए विभाग में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जा सके।