शिक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा कर दिए दिसंबर तक मूलभूत सुविधाएं पूरी करने के निर्देश

शिक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा कर दिए दिसंबर तक मूलभूत सुविधाएं पूरी करने के निर्देश

श्रीनगर गढ़वाल। शिक्षा एवं सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने श्रीनगर में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक कर विद्यालयों की शैक्षिक व्यवस्थाओं और मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को दिसंबर तक सभी विद्यालयों में निर्धारित 12 प्रकार के कार्य शत-प्रतिशत पूरे करने के निर्देश दिए। इनमें शौचालय, पेयजल, बिजली, भवन, चारदीवारी, खेल मैदान, खेल सामग्री और ओपन जिम जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
मंत्री ने शिक्षकों के रिक्त पदों और अन्य शैक्षिक आवश्यकताओं की जानकारी लेकर उनके समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए जाएंगे तथा प्रत्येक इंटर कॉलेज को जिम और खेल सामग्री उपलब्ध कराने की योजना है। विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए विद्यालयों में वार्षिकोत्सव और प्रत्येक ब्लॉक में मैराथन आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि खेल और रचनात्मक गतिविधियों से बच्चों को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में मदद मिलेगी। बैठक में शिक्षा विभाग के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *