निर्धारित समयसीमा में पूरे करें निर्माण कार्य, गुणवत्ता से समझौता करने पर होगी कार्रवाई: मंडलायुक्त

निर्धारित समयसीमा में पूरे करें निर्माण कार्य, गुणवत्ता से समझौता करने पर होगी कार्रवाई: मंडलायुक्त

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को समयबद्ध पूरा करने के लिए मंडलायुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप ने सोमवार को हरिद्वार में विभिन्न निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने चिड़ियापुर, गौरीशंकर द्वीप, बैरागी कैंप और देवपुरा में संचालित कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में देरी अथवा गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को प्रत्येक कार्य की दैनिक प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने और शेष कार्यों को पूरा करने के लिए दिनवार कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण स्थलों पर नियमित उपस्थिति और कार्यों की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण की शुरुआत चिड़ियापुर में निर्माणाधीन स्वागत द्वार से हुई। इसके बाद उन्होंने गौरीशंकर द्वीप में बैरागी कैंप को जोड़ने के लिए गंगा नदी पर बनाए जा रहे अस्थायी पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने पुल निर्माण में मजबूती, सुरक्षा और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। गौरीशंकर सेक्टर में शिविर स्थलों की ड्रेसिंग एवं लेवलिंग, सड़क निर्माण, विद्युत आपूर्ति और पेयजल व्यवस्था के कार्यों की समीक्षा की गई। गंगा कैनाल पर प्रस्तावित बैली ब्रिज के निर्माण की स्थिति भी जानी। मंडलायुक्त ने कहा कि बैरागी कैंप और गौरीशंकर क्षेत्र में श्रद्धालुओं, संत-महात्माओं और विभिन्न संस्थाओं के शिविरों के लिए सभी आधारभूत सुविधाएं समय से विकसित की जाएं।
देवपुरा में उन्होंने सौंदर्यीकरण एवं फसाड विकास कार्यों का निरीक्षण कर निर्धारित रंग योजना के अनुरूप पेंटिंग और आकर्षक चित्रांकन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ से जुड़े सभी कार्य आपसी समन्वय और जवाबदेही के साथ समयसीमा में पूरे किए जाएं। निरीक्षण के दौरान उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट हरगिरि सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *